
नागपूर, 19 नवंबर 2026 : दशहरा और दीपावली की छुट्टियों के साथ घरेलू पर्यटन का मुख्य सीजन शुरू होने वाला है। इसे देखते हुए केरल टूरिज्म ने पश्चिमी और उत्तरी राज्यों में पार्टनरशिप मीट और रोडशो के साथ त्योहारी सीजन का एक बड़ा अभियान शुरू किया है। इन पार्टनरशिप मीट में आकर्षक टूर पैकेजों के साथ अनुभवों से भरे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में केरलम की बढ़ती पहचान को सामने रखा जाएगा।
अभियान की शुरुआत में केरल टूरिज्म ने गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली और राजस्थान में प्री-सीजन पर्यटन बीटू बी पार्टनरशिप मीट आयोजित कीं। इनमें केरलम की अनोखी खूबियों को छुट्टियों की एक ऐसी आकर्षक जगह के रूप में पेश किया गया, जहां यात्री हर अनुभव को करीब से जी सकें।
नागपूर में हुई बीटूबी मीट में राज्य के पर्यटन कारोबार से जुड़े करीब 45 लोगों ने ट्रैवल ट्रेड के प्रतिनिधियों से बातचीत की और उनके सामने खास डील व हॉलिडे पैकेज रखे।

इन पैकेजों में केरलम को ऐसी जगह बताया गया, जहां यात्री छह रातों की यात्रा में कई तरह की चीजों का मजा ले सकते हैं। यह यात्रा उन्हें पूरे राज्य की खूबसूरत वादियों के अलावा सुंदर समुद्र तटों, शांत बैकवाटर, दिलकश हिल स्टेशनों और लुभावने जंगलों तक ले जाएगी।
पर्यटन के ताजा आंकड़ों और रुझानों के मुताबिक, हर मौसम में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 2025 की पहली तिमाही के मुकाबले 2026 की पहली तिमाही में घरेलू पर्यटकों की संख्या में 10.98 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पर्यटन मंत्री श्री पी. सी. विष्णुनाध ने कहा कि इस अभियान में केरल टूरिज्म के उस बदलाव पर भी जोर है, जिसके तहत राज्य को अनुभवों पर आधारित पर्यटन के एक बड़े केंद्र के रूप में मजबूती से स्थापित किया जाना है, ताकि घरेलू और विदेशी, दोनों तरह के पर्यटकों की छुट्टियों का मजा और बढ़े। मंत्री ने यह बात पर्यटन क्षेत्र को जल्द उद्योग का दर्जा देने के राज्य सरकार के फैसले के संदर्भ में कही, जिससे पर्यटन कारोबारियों के पास अपने पैकेज नए सिरे से तैयार करने की ज्यादा गुंजाइश होगी।
श्री विष्णुनाध ने आगे कहा, “इस अभियान का मुख्य मकसद सितंबर से दिसंबर के सीजन में राज्य में घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़ाना है, जब दशहरा और दीपावली की छुट्टियां शुरू होती हैं। संस्कृति, विरासत, धार्मिक स्थलों और शांत समुद्र तटों से लेकर वन्यजीव अभयारण्यों और खान-पान के मशहूर ठिकानों तक, केरलम पर्यटकों को ऐसा अनुभव देने का वादा करता है, जिसमें वे पूरी तरह रम जाएं और जिसे कभी न भूलें।”
केरल टूरिज्म ने 6 अक्टूबर 2026 को वैथिरी (वायनाड, केरल) में ‘ब्रांड वायनाड’ पहल शुरू की। इसका मकसद इस इलाके की प्राकृतिक सुंदरता, खेती और विरासत से जुड़े आकर्षणों और सांस्कृतिक परंपराओं को देश और दुनिया के सामने लाना है। इस मौके पर पर्यटन मंत्री ने रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन के नए ‘लाइफ एक्सपीरियंस ट्रेल्स’ और गाइड के साथ होने वाला एक यात्रा कार्यक्रम भी लॉन्च किया, जिसमें थिरुनेली सर्किट, चेकाडी फार्म की सैर और कॉफी से जुड़ा अनुभव शामिल है।
श्री विष्णुनाध ने आगे बताया कि इस पहल में रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म से जुड़े कदम और होमस्टे को नया रूप देना शामिल है, ताकि वायनाड दुनिया भर के पर्यटकों के लिए एक सुरक्षित और टिकाऊ ठिकाना बन सके। वायनाड की कॉफी, मसालों, चावल की पारंपरिक किस्मों और शहद के साथ-साथ स्थानीय व्यंजनों, खेती-बाड़ी वाले जीवन, आदिवासी विरासत और ग्रामीण अनुभवों को पर्यटन से जोड़ा जाएगा।
आदिवासी विरासत को सहेजने की कोशिशों के तहत वायनाड के हेरिटेज विलेज ‘एन ऊरु’ का विस्तार किया जाएगा। यहां एक ट्राइबल यूनिवर्सिटी और हेरिटेज नॉलेज जोन भी बनाया जाएगा।
सितंबर में अहमदाबाद और वडोदरा, और पिछले महीने मुंबई, पुणे, दिल्ली और जयपुर में हुई बी2बी मीट से बनी रफ्तार को आगे बढ़ाते हुए अब ट्रैवल ट्रेड से जुड़ी कई नेटवर्किंग गतिविधियां होंगी। इनमें ट्रैवल ट्रेड मेलों में हिस्सा लेना और बी2बी रोडशो शामिल हैं, ताकि केरलम की नई पर्यटन पेशकशें ज्यादा लोगों तक पहुंचें। अभियान के तहत टीवी, सोशल मीडिया, अखबार और रेडियो का भी सहारा लिया जा रहा है।
अहमदाबाद, वडोदरा, मुंबई, पुणे, दिल्ली, जयपुर और सूरत के अलावा नवंबर में नागपुर में भी बीटूबी मीट होगी।
यह कैम्पेन ऐसे समय में तैयार किया गया है, जब दुनिया भर में केरलम को जरूर देखी जाने वाली मंजिल माना जा रहा है। लंदन की ‘रफ गाइड्स’ की हाल की एक रिपोर्ट में केरलम को 2026 में घूमने के लिए दुनिया की टॉप 26 जगहों में शामिल किया गया है। रिपोर्ट में ‘गॉड्स ओन कंट्री’ को 2026 में सबसे ज्यादा मांग वाले पर्यटन स्थलों में से एक बताया गया है।
जानी-मानी ग्लोबल ट्रैवल गाइड लोनली प्लैनेट ने अपनी ‘25 बेस्ट एक्सपीरियंसेज इन 2026’ रिपोर्ट में केरलम की खान-पान संस्कृति को 2026 के 25 सबसे बेहतरीन ट्रैवल अनुभवों में शामिल किया है। इस खास सूची में जगह पाने वाला केरलम अकेला भारतीय राज्य है।
गुजरात और केरलम के बीच बेहतर रेल और हवाई संपर्क जैसी वजहों से गुजरात में हुई बी2बी मीट खास अहमियत रखती है। अच्छी रेल कनेक्टिविटी के अलावा केरलम के कोच्चि, तिरुवनंतपुरम, कोझिकोड और कन्नूर जैसे बड़े हवाई अड्डों से बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली होते हुए कई वन-स्टॉप फ्लाइट्स उपलब्ध हैं। इनसे पर्यटकों, कारोबारी यात्रियों और दूसरे आगंतुकों का आना-जाना आसान होता है।


